जालंधर (समर्थ संवाद)- मौसम विभाग की तरफ से 24 घंटे के अंतराल में एक डिग्री बढ़ा हुआ तापमान रिकार्ड किया गया है। वीरवार को भी तापमान बढ़ने का अनुमान जताया है और गर्म हवाएं भी चल सकती है। जिससे शहरवासियों को दोपहर के समय गर्मी की वजह से परेशानी उठानी पड़ सकती है। आने वाले दिनों में भी मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा और तापमान भी निरंतर अब बढ़ता रहेगा।
विभाग के अनुसार तापमान 36 डिग्री व इससे अधिक तक पहुंच सकता है जबकि न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 36.6 और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस और मंगलवार को तापमान 35.7 अधिकतम और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया था। हालांकि सोमवार को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री तक पहुंच गया था।
तापमान में बढ़ोतरी भी होती रहेगी
मौसम विभाग की तरफ से आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह से साफ बताया है, मगर उत्तर भारत में हीट वेव चलने की वजह से तापमान में बढ़ोतरी भी होती रहेगी। मौसम विशेषज्ञ डा. दलजीत सिंह का कहना है कि अब निरंतर तापमान में बढ़ोतरी होती रहेगी। आने वाले समय में तापमान 40 के आसपास तक पहुंचेगा, क्योंकि मौसम विभाग की तरफ से उत्तर भारत में हीट वेव चलने की भी संभावना जताई है। जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी और लोगों की परेशानियां भी। क्योंकि वे लंबे समय तक यह हीट वेव चलेंगे तापमान को भी अपने साथ-साथ बढ़ाती रहेंगी। हालांकि अभी तक सुबह और रात के तापमान में अभी भी काफी अंतर होने की वजह से ठंडक महसूस की जा रही है जो आने वाले कुछ दिनों तक बनी रहेगी।