समर्थ संवाद(नई दिल्ली )- देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कई इलाकों में दिन में तेज धूप निकलने की वजह से गर्मी का एहसास होने लगा है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में पिछले तीन दिनों से बारिश के साथ-साथ बर्फबारी हो रही है। वहीं कई अन्य इलाकों में भी आज बारिश होने के आसार हैं। आज दिल्ली, बिहार, जम्मू, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल समेत कई जगहों पर बारिश होने के आसार हैं।
कई इलाकों बारिश होने की संभावना है
मौसम विभाग के मुताबिक दो पश्चिमी विक्षोभों की वजह से दिल्ली-एनसीआर समेत कई इलाकों बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 फरवरी को दक्षिण अंडमान सागर और 28 फरवरी, 2022 को दक्षिण अंडमान सागर और इससे सटे दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से उत्तर-पश्चिम भारत, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बारिश होने के आसार हैं।
उत्तर पश्चिम भारत का मौसम प्रभावित होगा
इस बीच मौसम विभाग का कहना है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 28 फरवरी से सक्रिय होगा जिससे उत्तर पश्चिम भारत का मौसम प्रभावित होगा। इसकी वजह से 28 फरवरी से 2 मार्च के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 1 और 2 मार्च को उत्तर-पश्चिम भारत के आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
अगले 5 दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश होने की संभावना है। स्काईमेट बेदर के मुताबिक आज सिक्किम, असम, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार में भी बारिश हो सकती है।