नई दिल्ली (समर्थ संवाद)- देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 24,818 नए केस मिले हैं। इस दौरान 492 मरीजों की मौत हुई और करीब 42,000 मरीज रिकवर हुए हैं। 8 राज्यों में बीते 24 घंटे में कोरोना के 100 से भी कम केस सामने आए हैं। देश में कोरोना से अब तक 5,10,905 लोगों की मौत हो चुकी है और 4.27 करोड़ केस अब तक सामने आ चुके हैं। इधर, मिजोरम में कोरोना के पिछले 24 घंटे में 1,119 मरीज सामने आए हैं। एक्टिव मामलों की संख्या 10,592 है। वहीं 752 लोग कोरोना से रिकवर हुए है। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 22.01% पर पहुंच गई है।
देश में कोरोना के आंकड़े
कुल केस : 4.27 करोड़
कुल रिकवरी : 4.19 करोड़
कुल मौतें : 5.10 लाख
एक्टिव केस : 2.83 लाख
प्रमुख राज्यों में कोरोना का हाल
केरल: एक्टिव केस में अचानक बढ़ोतरी
केरल में कोरोना के पिछले 24 घंटे में 8,655 नए केस मिले हैं और 126 मरीजों की जान चली गई है। राज्य में कोरोना के एक्टिव केस में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में 14,371 एक्टिव केस सामने आए हैं। राज्य में कुल एक्टिव केस की संख्या 1 लाख से नीचे आ चुकी है।
महाराष्ट्र: नए मामलों में गिरावट, 40 की मौत
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में 2,797 नए केस मिले हैं, जबकि 40 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में बीते दिनों की तुलना में कोरोना ग्राफ में गिरावट हुई है। गुरुवार को महाराष्ट्र में 2748 नए केस मिले थे, वहीं 41 लोगों की मौत हो गई थी।
मध्य प्रदेश: मौतें दोगुनी हुईं, 1300 नए केस
मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के 1,328 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,31,589 हो गई है । स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 6 लोगों की मौत इस बीमारी से हुई है और इसे मिलाकर राज्य में अब तक कुल 10,709 लोगों ने इस बीमारी से जान गंवाई है।
उत्तर प्रदेश: तेजी से बढ़ रही मौतें, नए मरीज घटे
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 467 नए केस मिले हैं और 15 मरीजों की जान गई है। राज्य में गुरुवार को 824 केस सामने आए थे और 10 मरीजों की मौत हुई थी। वहीं इससे एक दिन पहले यानी बुधवार को यूपी में 1189 नए केस मिले थे और पांच मरीजों की मौत हुई थी।
दिल्ली: 24 घंटे में 739 नए मामले, 5 मौतें
दिल्ली में कोरोना के बीते 24 घंटे में 739 नए केस सामने आए हैं और 5 मरीजों की मौत हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को 766 केस मिले थे। हालांकि मौत का मामला पिछले तीन दिनों से स्थिर है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में कोरोना के कुल 18.54 लाख केस अब तक सामने आ चुके हैं।
राजस्थान: मरीजों की संख्या में गिरावट
राजस्थान में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1500 से ज्यादा केस सामने आए हैं, 7 लोगों की मौत हो गई है। राज्य में गुरुवार को 1700 केस मिले थे। राज्य में पिछले दिनों सरकार ने कोरोना के ग्राफ में कमी को देखते हुए कई पाबंदियां हटाने का ऐलान किया था।
गुजरात: तीसरे दिन नए केस 1000 से कम
गुजरात में कोरोना के नए मरीजों की संख्या पिछले 24 घंटे में 870 दर्ज की गई है। लगातार तीसरा दिन है, जब राज्य में नए मरीजों की संख्या 1000 से कम रही। राज्य में 13 मरीजों की मौत भी बीते 24 घंटे में हो चुकी है। हालांकि, राज्य में 12 लाख से अधिक लोग अब तक कोरोना को हरा चुके हैं।
पंजाब: मौतें घटीं, 24 घंटे में 269 नए केस
पंजाब में कोरोना से पिछले 24 घंटे में 7 मरीजों की जान चली गई है, जबकि 269 नए केस सामने आए हैं। बीते तीन दिनों के मुकाबले पंजाब में कोरोना से मौत के मामलों में कमी आई है। गुरुवार को पंजाब में 12, बुधवार को 13 और मंगलवार को 14 मरीजों की मौत हुई थी।