हेल्थ (समर्थ संवाद)- शरीर के स्वस्थ रहने के लिए पाचन का ठीक रहना आवश्यक है और अच्छे पाचन के लिए लिवर का स्वस्थ होना। लिवर शरीर के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। पेट और आंतों से निकलने वाला सारा खून लिवर से होकर गुजरता है। लिवर, रक्त से विषाक्त पदार्थों को निकालने, ब्लड शुगर के स्तर को व्यवस्थित बनाए रखने और रक्त के थक्कों को नियंत्रित करने जैसे कई आवश्यक कार्यों को करता है।
इसके अलावा लिवर से पित्त का उत्पादन भी होता है। पित्त, एक प्रकार का प्रोटीन है जो वसा का फैटी एसिड में ब्रेक डाउन करता है जिससे उन्हें पचाया जा सके। यही कारण है कि इस अंग में होने वाली किसी भी तरह की बीमारी का असर पूरे शरीर को प्रभावित कर सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक हमारी जीवनशैली और खान-पान की सीधा असर लिवर के स्वास्थ्य पर पड़ता है। हम जाने-अनजाने कई सारी ऐसी चीजों का सेवन करते हैं जिससे लिवर को नुकसान पहुंच सकता है, ऐसी चीजों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। आइए आगे की स्लाइडों में उन चीजों के बारे में जानते हैं जो आपके लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचाती हैं, इनसे तुरंत दूरी बना लेनी चाहिए।
लिवर की सेहत का रखें ख्याल
तली-भुनी चीजें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक ज्यादा तली-भुनी चीजों का सेवन करने वाले लोगों को लिवर से संबंधित तमाम तरह की बीमारियों का खतरा रहता है। तले हुए खाद्य पदार्थों में संतृप्त वसा की उच्च मात्रा होती है। बहुत अधिक मात्रा में संतृप्त वसा का सेवन करने से लिवर के लिए अपना काम करना मुश्किल हो सकता है और समय के साथ यह लिवर में सूजन और गंभीर मामलों में लिवर फेलियर जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक आपके कुल दैनिक कैलोरी के 10 फीसदी से भी कम मात्रा में संतृप्त वसा का सेवन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
शराब है बहुत हानिकारक
लिवर के लिए जिन चीजों को सबसे ज्यादा हानिकारक माना जाता है, शराब उनमें सबसे ऊपर है। अध्ययनों से पता चलता है कि अत्यधिक मात्रा में शराब पीने से लिवर में सूजन और गंभीर मामलों में लिवर को अपरिवर्तनीय क्षति हो सकती है जिसे सिरोसिस कहा जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक शराब से दूरी बनाकर आप लिवर से संबंधित कई तरह की गंभीर बीमारियों से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।
नमक का सेवन कम मात्रा में ही करें
नमक का ज्यादा सेवन करना न सिर्फ आपके ब्लड प्रेशर को बढ़ा देता है साथ ही इसे लिवर के लिए भी नुकसानदायक माना जाता है। लिवर के स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आपको नमक का सेवन कम करने के लिए हर संभव उपाय करना चाहिए।
अधिक नमक के सेवन से शरीर में वाटर रिटेंशन हो सकता है। प्रोसेस्ड चीजें आपके लिवर के लिए हानिकारक हैं क्योंकि इसमें सोडियम और संतृप्त वसा दोनों की मात्रा अधिक होती है, इनके सेवन को भी कम करने या दूरी बनाने से लिवर को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।