बहादुरगढ़ (समंर्थ संवाद): कई मांगों को लेकर ट्रांसपोर्ट यूनियनें रविवार को बहादुरगढ़ में जुटी। इसमें एनसीआर के अंदर डीजल वाहनों के लिए 10 के बजाय 20 साल की अनुमति मांगी। कई और मसले भी जोर-शोर से उठाए गए। बहादुरगढ़ के परनाला रोड पर स्थित ट्रक यूनियन परिसर में संजय छिल्लर व रणबीर राठी प्रधान की अध्यक्षता में संयुक्त ट्रांसपोर्ट मोर्चा (इंडिया) के बैनर तले यह बैठक हुई। इसमें ट्रांसपोर्ट मोर्चा के राजकोट से अशोक शर्मा, बागपत से महासचिव प्रमोद श्योराण, नार्थ जोन प्रधान सुरेश शर्मा, उत्तराखंड प्रधान कमल शर्मा, सोनीपत से प्रधान सुरेंद्र दहिया व चंद्रप्रकाश, झज्जर से मंगल गुलिया, गाजियाबाद से राजकुमार पूनिया, सीनियर एडवोकेट महमूद प्राचा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस दौरान मोर्चा के ज्यादा से ज्यादा सदस्य बनाने पर जोर दिया गया। अशोक शर्मा ने ट्रक ड्राइवरों और मालिकों को संबोधित करते हुए कहा कि हड़ताल पर जाना हमारा हक है, कोर्ट जाना, संबंधित विभाग को पत्र देना और उनसे जवाब लेना भी हक है। हम सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। संगठन में ईमानदार लोग होने चाहिए, जो लालच व डर से पीछे न हटे। ट्रक मालिक और ड्राइवर कोरोना की पाबंदियों के कारण परेशान हैं। हरियाणा सरकार को 2016 से अपनी समस्याओं को अवगत कराया जा रहा है। केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखकर समस्या बताई जाएगी। हमारा कोई राजनीतिक मंच नहीं है। हम किसी पार्टी के साथ नहीं है।
मोर्चा की बैठक में उठाई गई ये मांग
1 एनसीआर में डीजल वाहनों की लाइफ बढ़ाकर 20 साल की जाए।
2 ई चालान को बंद किया जाए।
3 डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जाए।
4 टोल टैक्स को कम किया जाए और लूटपाट बंद हो।
5 थर्ड पार्टी इंश्योरेंस की राशि को कम किया जाए। यह बहुत ज्यादा ली जा रही है।
6 जब बीएस-6 वाहन आ चुके हैं तो ग्रीन टैक्स क्यों लिया जा रहा है। यह भी बंद हो।
7 आरटीए व पुलिस की ओर से भ्रष्टाचार बढ़ाया जा रहा है। यह एक तरह से लूट है जो बंद हो