हेल्थ नयूज़ (समर्थ संवाद)- कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शहर और देहात क्षेत्रों में लैब तकनीशियन समेत अन्य कर्मचारियों की नमूने लेने के लिए ड्यूटी लगा दी है। प्रतिदिन 28 सौ नमूने लिए भी जा रहे हैं। लेकिन, चौंकाने वाली बात यह है कि स्वास्थ्य कर्मचारी बिना सुरक्षा उपकरणों के नमूने ले रहे हैं। इसमें अगर कोई संक्रमित होगा तो वह दूसरों को भी संक्रमित करेगा।
रेलवे स्टेशन पर नमूने लेने वाले लैब तकनीशियन ड्यूटी पर पहुंचे थे। उन्होंने शरीर में दर्द होने पर एंटीजन किट से जांच की। रिपोर्ट पाजिटिव आने से दूसरा कर्मचारी दूर हो गया। फौरन ही सर्विलांस अधिकारी को सूचना दी गई। पीपीई किट, ग्लब्ज और सैनिटाइजर के लिए कहा गया। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन के शिविर वाले क्षेत्र को सैनिटाइज कराया गया। इसके बाद दूसरी टीम ने वहां नमूने लेने शुरू किए। इतने पर भी टीमों को सामान उपलब्ध नहीं कराया गया।
बता दें कि कोविड कमांड कंट्रोल रूम कर्मचारी, सीएमओ कार्यालय का लिपिक, जिला अस्पताल की महिला कर्मचारी और रेलवे स्टेशन पर नमूने लेने वाला लैब तकनीशियन संक्रमित हो गया है। इसके बाद भी सामान उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। पीपीई किट, ग्लब्ज और मास्क के लिए सीएमएसडी स्टोर को पत्र लिखा गया है। अभी फिलहाल काम चलाया जा रहा है। स्टाक आने के बाद टीम के सभी सदस्यों को सामान प्रतिदिन देना शुरू कर दिया जाएगा